नई दिल्ली - सोमवार को दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। तीनों झटके दोपहर तीन बज कर 33 मिनट से लेकर 3.38 के बीच आए। दिल्ली, एनसीआर, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल। भारत में इसकी तीव्रता 3.3 बताई जा रही है।
जमेशदपुर - मोगा में छेड़छाड़ से बचने के लिए एक मां-बेटी को चलती बस से कूदना पड़ गया था। ऐसी ही घटना अब जमशेदपुर में हुई है। यहां के साकची इलाके में 3 स्कूली छात्राओं से बस में छेड़छाड़ की गयी। बचने के लिए तीनों छात्राएं चलती बस से कूद गयीं। गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस के ड्राइवर और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बस जब्त कर ली है।
नई दिल्ली - आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अलका लांबा पर ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के दौरान रविवार को कश्मीरी गेट के यमुना बाजार में हमला हुआ। हमले में लांबा का सिर फूट गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अपने ऊपर हमले की जानकारी लांबा ने सोशल मीडिया पर दी। अस्पताल में इलाज के दौरान लांबा ने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते हैं कि दिल्ली में नशा खत्म हो, इसलिए वे हमले की साजिश कर रहे हैं। हमले को लेकर आप ने भाजपा पर निशाना साधा है।
रांची - झारखंड के देवघर शिव मंदिर परिसर में आज सुबह भगदड़ से 11 कावंड़ियों की मौत हो गई है जबकि 50 से अधिक लोग घायल हैं। हादसा सोमवार सुबह 5.45 बजे बेलाबगान मंदिर के पास हुआ। सावन के दूसरे सोमवार पर मंदिर में चढ़ चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात से ही जुटनी शुरू हो गई थी वहां सुबह भगदड़ मच गई। देवघर एसपी ने 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। महीने की शुरुआत में भी इसी मंदिर परिसर में भगदड़ हुई थी जिसमें 12 लोग घायल हुए थे।
नई दिल्ली - उत्तर भारत में भारी बारिश ने आम जन-जीवन को बेहाल कर रखा है। कहीं बारिश, कहीं भू-स्खलन और कहीं बाढ़ के कारण लोगों के हाल बेहाल हैं। राजधानी दिल्ली व एनसीआर में रविवार को जमकर बारिश हुई। इस कारण मौसम तो खुशगवार हो गया, लेकिन बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया है। इस कारण सडक़ों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे तक 30.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शाकुंभरी माता के दर्शन कर लौट रहे ज्योतिबा फूले नगर के 40 श्रद्धालु अचानक नदी में आए बाढ़ में बह गए।
नई दिल्ली - दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक कार्यक्रम में बीजेपी पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि वह हर महीने हमारा एक विधायक उठा कर ले जाते हैं। केजरीवाल ने रविवार को कहा कि हम 24 घंटे लगे हुए हैं, लेकिन बीजेपी बदला लेने में लगी हुई है, वह हर महीने हमारा एक एमएलए पकडक़र ले जाते हैं। केजरीवाल ने सरकार बनने के बाद अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जबसे हम जीते हैं और सरकार बनाई हैं, हम रात-दिन काम करने में लगे हुए हैं। केजरीवाल ने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि 65 साल के इतिहास में ऐसी कोई सरकार नहीं होगी, जिसने पहले छह महीने में इतने काम किए। बीजेपी पर दिल्ली पुलिस का इस्तेमाल कर परेशान करने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल बोले कि सारी पुलिस उन्होंने हमारे एमएलए गिरफ्तार करने में लगाई हुई है।
गया - विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार के गया के गांधी मैदान में परिवर्तन रैली को संबोधित किया। नीतीश कुमार-लालू प्रसाद गठबंधन पर करारा प्रहार करते हुए पीएम ने रविवार को बिहार के लोगों से कहा कि वे आने वाले विधानसभा चुनाव में एक आधुनिक एवं मजबूत राज्य के निर्माण के लिए भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार बनाएं और प्रदेश में ‘जंगलराज पार्ट 2’ को आने की अनुमति नहीं दें। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने 25 साल तक राज्य पर शासन करने वालों के अहंकार, उत्पीडऩ और धोखाधड़ी को झेला है। क्या आप पांच साल और इन्हीं लोगों को शासन करने का मौका देंगे?
नई दिल्ली - इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने आयोजित 28वें दीक्षांत समारोह में 1.92 लाख स्टूडेंट्स को डिग्री, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट दिए। इन सम्मानित स्टूडेंट्स की सूची में एक नाम हाल ही में फांसी दिए गए मुंबई ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन का भी है। याकूब ने इग्नू ओपन यूनिवर्सिटी के नागपुर सेंटर से पढ़ाई की थी। सूत्रों के मुताबिक याकूब के परिवार से दीक्षांत समारोह में कोई भी सदस्य उसकी डिग्री लेने नहीं पहुंचा, जिस वजह से डिग्री को डाक माध्यम से परिवार को भेज दिया गया है