नई दिल्ली -संसद में अपने 25 सांसदों के निलंबन के विरोध में कांग्रेस ने चौथे दिन भी संसद परिसर में धरना दिया। शुक्रवार को भी कांग्रेसी सांसद गांधी प्रतिमा के पास जमा हुए और सोनिया गांधी की अगवाई में नारेबाजी की। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह सुषमा की सफाई के बाद भी ललित प्रकरण को छोडऩे वाली नहीं है। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पर जमकर हमला बोला और ललित मोदी पर गुरुवार को लोकसभा में दिए गए उनके बयान को नाटकबाजी करार दिया। सोनिया ने कहा कि सुषमा स्वराज थिएट्रिक्स (नाटकबाजी) करने में माहिर हैं।
गुरुवार को सुषमा ने लोकसभा में ललित मोदी की मदद को उनकी कैंसर पीडि़त पत्नी से जोड़ते हुए कहा था कि अगर सोनिया मेरी जगह होतीं तो क्या करतीं। जवाब में सोनिया ने कहा कि मैं उस महिला की मदद जरूर करती, लेकिन कानून तोडक़र नहीं। दूसरी तरफ, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हमले के सिलसिले को बढ़ाते हुए कहा कि जब भी चोरी होती है, चोर छिपकर आते हैं। सुषमा जी ने जो किया है, छिपकर किया है। मंत्रालय में किसी को पता नहीं था, उन्होंने क्या किया है। सुषमा जी को बताना चाहिए कि ललित मोदी ने खुद को जेल से निकलवाने के लिए उनके परिवार को कितना पैसा दिया। राहुल ने कहा कि सुषमा जी ने अच्छा, लेकिन खोखला भाषण दिया। उन्होंने पूछा कि क्या सोनिया जी ऐसा करतीं। उनके बेटे के तौर पर मैं कह सकता हूं कि वह ऐसा कभी नहीं करतीं।