लखनऊ, दिनांक 04 अगस्त, 2026, उत्तर प्रदेश विधान परिषद में आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुपूरक बजट से संबंधित 48 मदों एवं 2 अनुपूरकों पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मा0 सभापति जी के समक्ष विस्तृत एवं तथ्यपरक उत्तर प्रस्तुत किए। इस दौरान पक्ष एवं विपक्ष के विधान परिषद के सभी मा0 सदस्यगणों द्वारा विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मा0 उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने उत्तर में कहा कि प्रदेश सरकार का अनुपूरक बजट जनकल्याण, विकास और सुशासन की भावना पर आधारित है। यह बजट प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों, वंचितों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अनुपूरक बजट प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति देने वाला सिद्ध होगा तथा उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में सड़क, पेयजल, सिंचाई, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार के अवसरों का विस्तार करने के साथ-साथ शहरों में बेहतर आधारभूत ढांचे, नागरिक सुविधाओं और विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी सोच के अनुरूप अनुपूरक बजट में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
राम मंदिर प्रकरण पर श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने कहा है कि देश की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में विचाराधीन विषयों को लेकर संसद में लगातार हंगामा करना किसी भी राजनीतिक दल के लिए उचित नहीं है। सभी राजनीतिक दलों को न्यायपालिका का सम्मान करते हुए उसके निर्णयों एवं प्रक्रियाओं पर विश्वास रखना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी जैसी परिवारवादी राजनीति करने वाली पार्टी संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने के बजाय बार-बार सदन की कार्यवाही को प्रभावित करने का प्रयास करती है। प्रदेश की जनता ऐसे आचरण को भली-भांति देख रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक दल का दायित्व है।
मा0 उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विकास, सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याण के एजेंडे पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रत्येक निर्णय प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में समर्पित है तथा अनुपूरक बजट उसी संकल्प का सशक्त प्रतिबिंब है।