डॉ सृष्टि गाडिया ने ‘कूल एंड हेल्दी समर’ विषय पर आमंत्रित व्याख्यान दिया
सीएसआईआर-सीरी में स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
पिलानी, 19 मई 2026: सीएसआईआर-केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि गाडिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. पी. सी. पंचारिया ने की। समारोह में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुचंदन पाल, श्री प्रमोद तँवर, डॉ. अयन बंद्योपाध्याय, डॉ. रंजन बारिक, प्रशासन नियंत्रक श्री मधुरंजन पाण्डेय सहित संस्थान के अधिकारी, वैज्ञानिक एवं सहकर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक डॉ. पी. सी. पंचारिया ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल हो सकता है जब वह हमारे दैनिक व्यवहार एवं कार्य संस्कृति का स्थायी हिस्सा बने। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए संस्थान में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सकारात्मक कार्य वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने शारीरिक स्वच्छता के साथ-साथ वैचारिक स्वच्छता के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि अनुसंधान एवं विकास कार्यों में सत्यनिष्ठा रूपी स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है।
समापन समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथि डॉ. सृष्टि गाडिया ने ‘कूल एंड हेल्दी समर’ विषय पर आमंत्रित व्याख्यान दिया। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु में स्वस्थ एवं निरोगी रहने के लिए आवश्यक सावधानियों, व्यक्तिगत स्वच्छता, कार्यस्थल पर स्वच्छ आदतों तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वच्छता पखवाड़ा : छोटे प्रयास, बड़ा बदलाव विषयक भाषण प्रतियोगिता में सुश्री आकृति बाजपेयी, तकनीकी सहायक ने प्रथम स्थान, सुश्री माया, तकनीशियन ने द्वितीय स्थान तथा श्री धनराज नायक, पीएचडी छात्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इससे पूर्व आयोजन समिति के सदस्य श्री प्रमोद तँवर ने स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए सभी सहभागियों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान डॉ. पी. सी. पंचारिया ने संस्थान की ओर से डॉ. सृष्टि गाडिया को शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
अंत में डॉ. सुचंदन पाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए निदेशक, आमंत्रित अतिथि, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्री रमेश बौरा, वरिष्ठ हिंदी अधिकारी द्वारा किया गया। स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के सफल आयोजन ने संस्थान में स्वच्छता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।