जम्मू - जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी में एम्स की स्थापना की मांग को लेकर सोमवार को लगातार चौथे दिन बंद के दौरान पुलिस तथा को-आर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों के बीच झड़प हुई, जबकि प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। को-आर्डिनेशन कमेटी ने तीन दिनों के बंद को पांच अगस्त तक के लिए बढ़ाने का फैसला किया जम्मू के 130 से ज्यादा गैर राजनीतिक संगठनों को मिलाकर बनी कमेटी के अध्यक्ष अभिनव शर्मा के नेतृत्व में सोमवार सुबह जम्मू शहर में विरोध रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को जबरन बंद करवाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के उन्हें ऐसा करने से रोकने पर दोनों के बीच झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया। जम्मू जिला के अन्य हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए। इस बीच बंद का व्यापक असर रहा। व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। जम्मू की जीवन रेखा मानी जाने वाली मेटाडोर भी सडक़ों पर न चलने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ निजी कार्यालय और बैंक भी बंद रहे स्कूल, कालेजों और कार्यालयों में उपस्थिति नगण्य रही। बंद के कारण तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि को-आर्डिनेशन कमेटी ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए चार विशेष बसों का संचालन किया।इस बीच, उधमपुर, सांबा तथा कठुआ जिलों में भी शांतिपूर्ण बंद रहा। को-आर्डिनेशन कमेटी ने एम्स जैसा संस्थान खोलने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है और अन्य राज्यों जैसे एम्स की मांग की है।