जमेशदपुर - मोगा में छेड़छाड़ से बचने के लिए एक मां-बेटी को चलती बस से कूदना पड़ गया था। ऐसी ही घटना अब जमशेदपुर में हुई है। यहां के साकची इलाके में 3 स्कूली छात्राओं से बस में छेड़छाड़ की गयी। बचने के लिए तीनों छात्राएं चलती बस से कूद गयीं। गिरने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस के ड्राइवर और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बस जब्त कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनूप टी मैथ्यू ने बताया कि एक ही स्कूल की तीनों छात्राएं घर जाने के लिए साकची में बस में सवार हुईं, तभी लोगों ने छेडख़ानी शुरू कर दी। लडक़ी ने बस ड्राइवर और कंडक्टर से शिकायत की और बस रोकने के लिए कहा। लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गयी, क्योंकि छेडख़ानी करने वाले ड्राइवर के दोस्त थे। इसके बाद लड़कियां चलती बस से कूद गयीं। घटना के बाद से इलाके के लोगों में काफी रोष है।