अमृतसर - बुधवार को अमृतसर के एक मूक और बधिर कपल ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सोशल वेलफेयर ग्रुप ने जिस भारतीय लडक़ी गीता को मीडिया के सामने पेश किया है वह उसकी बेटी पूजा है। कपल राजेश कुमार और राम दुलारी ने कहा कि उसने अपने बेटे राजू के जरिए कराची के ईदी फांउडेशन को सूचित कराया है कि वह उसकी बेटी पूजा है।
इस कपल ने कहा कि हम लोग पूजा को प्यार से गुड्डी बुलाते थे, लेकिन जब प्राइवेट टीवी चैनल ने इस कपल को लाइव दिखाया और इसके बाद ईडी फांउडेशन से संपर्क साधा गया तो उम्मीद की जा रही थी कि गीता खुश होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गीता मुश्किल से चार साल की थी, तभी खो गई थी। तब से उसका परिवार वालों से कोई संपर्क नहीं हुआ। इस कपल की तस्वीर जब गीता के सामने पेश की गई तो वह पहचान नहीं पाई। गीता ने कहा कि मेरी मां साड़ी पहनती थी, लेकिन इस महिला ने पंजाबी सलवार पहन रखा है। पाकिस्तानी ह्यूमन राइट्स ऐक्टिविस्ट अंसार बर्नी ने कहा कि वह लंदन में हैं और अमृतसर के कपल के बारे में पड़ताल कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह दो सितंबर को भारत आने वाले हैं और इसी दौरान वह उस कपल से मुलाकात करेंगे। कराची पाकिस्तान में 13 साल से फंसी भारतीय लडक़ी गीता से भारतीय हाईकमिश्नर टीसीए राघवन और उनकी पत्नी ने मुलाकात की। उसने संकेतों की भाषा से अपनी कहानी सुनाई। राघवन ने गीता को भारत में उसका परिवार तलाशने में सभी संभव मदद करने का भरोसा दिया।