देहरादून - विकासनगर क्षेत्र के डाकपत्थर गुरुद्वारे के पूर्व ग्रंथी ने विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के पदाधिकारियों पर कार्रवाई न होने पर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर इच्छा मृत्यु की मांग की है। इस पूर्व ग्रंथी का काफी समय से गुरुद्वारा कमेटी से विवाद चल रहा है। करीब 27 साल तक डाकपत्थर गुरुद्वारे में ग्रंथी रहे जसदेव सिंह को करीब डेढ़ माह पूर्व ही निष्कासित कर दिया गया था। उन पर आरोप है कि वह गुरुद्वारे में रहकर व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित कर रहे थे। इस निष्कासन के बाद पूर्व ग्रंथी ने गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।
इसके बाद विकासनगर, सहसपुर समेत विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियां जसदेव सिंह के खिलाफ हो गई। उन्हें गुरुद्वारे के आवास से भी बाहर कर दिया गया। साथ ही उनका सामान विकासनगर गुरुद्वारे में रखवा दिया गया। इसके खिलाफ उन्होंने विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के 11 लोगों को नामजद करते हुए करीब पैंतालिस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमे के अनुरूप कार्रवाई न होने से गुस्साये जसदेव सिंह ने एसडीएम विकासनगर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है।