नई दिल्ली - दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग द्वारा पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती पर दक्षिणी दिल्ली के खिडक़ी एक्सटेंशन में एक विदेशी महिला के घर पर रात को छापा मारने के मामले में मुकदमा चलाने की अनुमति दिए जाने से राजनिवास और दिल्ली सरकार के बीच नया टकराव उत्पन्न होने के आसार है। राजनिवास सूत्रों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उपराज्यपाल ने श्री भारती के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। दिल्ली पुलिस आठ माह से इस अनुमति के इंतजार में थी। श्री भारती के अपनी पत्नी के साथ भी संबंध अच्छे नहीं चल रहे हैं, जो उन्हें राष्ट्रीय महिला आयेग में खीच चुकी हैं।
खिडक़ी एक्सटेंशन मामले में मुकदमा चलाने की अनुमति के बाद मालवीय नगर से विधायक की मुश्किलें और बढ़ जाने की उम्मीद हैं। यह मामला 15-16 जनवरी, 2014 की रात का है, जब श्री भारती ने आधी रात को अफ्रीकन मूल की महिलाओं के घर पर छापा मारा था। पुलिस इस मामले में पिछले साल 27 सितंबर को ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है, जिसमें कहा गया है कि श्री भारती की अगवाई में आई भीड़ ने नौ अफ्रीकी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और हाथापाई की। इस मामले में श्री भारती और 17 लोगों पर आईपीसी की धारा 354, 323, 556 और 127 के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। उस समय श्री भारती दिल्ली के कानून मंत्री थे।