नई दिल्ली - उत्तर भारत में भारी बारिश ने आम जन-जीवन को बेहाल कर रखा है। कहीं बारिश, कहीं भू-स्खलन और कहीं बाढ़ के कारण लोगों के हाल बेहाल हैं। राजधानी दिल्ली व एनसीआर में रविवार को जमकर बारिश हुई। इस कारण मौसम तो खुशगवार हो गया, लेकिन बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव हो गया है। इस कारण सडक़ों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे तक 30.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शाकुंभरी माता के दर्शन कर लौट रहे ज्योतिबा फूले नगर के 40 श्रद्धालु अचानक नदी में आए बाढ़ में बह गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी को बचाने में कामयाबी हासिल कर ली। गौरतलब है कि शिवालिक क्षेत्र में भारी बारिश से सभी नदियां उफान पर हैं। उधर, बिजनौर के धामपुर में खो रामगंगा और बनैली नदियों में जलस्तर बढऩे से परमवाला और शाहकोट गांवों का संपर्क कट गया है। दूसरी तरफ, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। मूसलधार बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर में ऊधमपुर के खैरी इलाके के निकट हुए भू-स्खलन से कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से जोडऩे वाला जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 14 घंटे बंद रहा।