नई दिल्ली - वित्त मंत्री अरुण जेटली ने वन रैंक-वन पेंशन को लेकर आंदोलनरत पूर्व सैनिकों की मांग को सोमवार को एक प्रकार से खारिज करते हुए कहा कि पेंशन में हर साल संशोधन नहीं किया जा सकता। जेटली ने कहा कि दुनिया में कहीं भी हर साल पेंशन में संशोधन नहीं होता है। वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ओआरओपी के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन केवल एक मुश्किल है और वह है उसका गणितीय जमा घटा। उन्होंने कहा कि ओआरओपी का मतलब क्या है? इसके लिए मेरा अपना फार्मूला है। किसी और का ओआरओपी पर अपना फार्मूला हो सकता है, लेकिन यह तार्किक मापदंडों के अनुरूप होना चाहिए। आप ऐसा ओआरओपी नहीं लागू कर सकते, जहां पेंशन हर महीने या हर साल संशोधित होती हो।