जम्मू - भारत-पाकिस्तान के बीच महानिदेशक स्तर की बातचीत से पहले पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुरुवार पूरी रात निहत्थे-बेकसूर आम नागरिकों को निशाना बनाकर मोर्टार दागे और फायरिंग की, जिसमें दो महिलाओं समेत तीन नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने आधी रात को बिना उकसावे की कार्रवाई करते हुए सीमा सुरक्षा बल की करीब छह चौकियों और सरहद पर बसे गांवों को निशाना बनाकर फायरिंग की।
फायरिंग में तीन नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को जम्मू के सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया। मृतकों की पहचान अब्दुलियां गांव के निवासी अजीत सिंह के बेटे पवन कुमार (45) तथा अरनिया के साई खुर्र्द निवासी भोलाराम की पत्नी बंसो देवी (52) तथा पुरे चक निवासी सुभाष चंद्र की पत्नी कांता देवी के रूप में की गई है। पाक फायरिंग पर बीएसएफ ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया।
अभी भी फायरिंग रुक-रुक कर जारी है। भारत -पाकिस्तान के बीच 23 और 24 अगस्त को होने वाली राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बातचीत विफल हो जाने के बाद अब दोनों देशों के बीच आगामी नौ सितंबर से बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के महानिदेशकों की बातचीत प्रस्तावित है ।