नई दिल्ली - वैश्विक बाजार में कच्चे तेलों के दाम में गिरावट के मद्देनजर तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल को सस्ता कर दिया गया है। पेट्रोल दो रुपए प्रति लीटर, जबकि डीजल 50 पैसे प्रति लीटर सस्ता किया गया है। नई कीमतें सोमवार आधी रात से लागू हो गई हैं। पेट्रोलियम कंपनियों की पाक्षिक बैठक में इस पर निर्णय किया गया है। गौरतलब है 15 अगस्त को समीक्षा के बाद पेट्रोल की कीमतों में एक रुपए 27 पैसे और डीजल की कीमतों में एक रुपए 17 पैसे की कटौती की गई थी।
दिल्ली में स्थानीय शुल्कों सहित पेट्रोल की कीमत में दो रुपए प्रति लीटर की कमी की गई है। मंगलवार से राजधानी में पेट्रोल का दाम 61.20 रुपए प्रति लीटर होगा। अभी यह 63.20 रुपए है। वहीं डीजल का दाम 44.95 से घटकर 44.45 रुपए लीटर हो जाएगा।उल्लेखनीय है कि पहली सितंबर को पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज की बैठक होनी है, ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में कमी को देखते हुए यह माना जा रहा था कि बैठक में पेट्रोल और डीजल सस्ता किए जाने का फैसला लिया जा सकता है। चीनी अर्थव्यवस्था में गिरावट के चलते वैश्विक तेल बाजार में कच्चे तेल की मांग में कमी और तेल बाजार में ईरान की वापसी ने कच्चे तेल की कीमतों पर खासा असर डाला है।
लिहाजा इसके दाम में गिरावट देखी जा रही है। निश्चित रूप से पेट्रोल और डीजल सस्ता किए जाने का असर खाने-पीने की चीजों के दामों पर भी पड़ेगा और खाद्य महंगाई से जूझ रही जनता को कुछ हद तक तो राहत जरूर मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में लगातार जारी गिरावट के मद्देनजर घरेलू बाजार में 16 जून के बाद से अब तक लगातार पांच बार पेट्रोल की कीमत 8.44 रुपए और डीजल के दाम 16 मई के बाद से अब तक लगातार छह बार में 8.23 रुपए प्रति लीटर घट चुके हैं।