मुंबई - शीना हत्याकांड में पुलिस की जांच रफ्तार पकड़े हुए है। हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी पुलिस हत्या से जुड़े सभी लोगों से एक ही समय में अलग-अलग जगहों पर पूछताछ कर रही है। इस मामले में अबतक बडी़ खबर यह है कि इंद्राणी मुखर्जी के पूर्व पति संजीव खन्ना को पुलिस ने खार पुलिस स्टेशन पूछताछ के लिए बुलाया। इससे पहले पति पीटर मुखर्जी को भी पुलिस ने खार पुलिस स्टेशन बुलाया था। जानकारी के मुताबिक हाईप्रोफाइल मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खुद पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया खार थाने पहुंचे। इस दौरान इंद्राणी, मिखाइल, संजीव खन्ना व ड्राइवर श्याम राय को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। इंद्राणी के पहले पति संजीव खन्ना को बांद्रा कोर्ट ने 31 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेजा है।
ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता से मुंबई लाए गए इंद्राणी मुखर्जी के पूर्व पति संजीव खन्ना की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने संजीव खन्ना के पास से दो वीजा बरामद किए हैं। दो अलग-अलग वीजा बरामद होने के बाद स्पष्ट हो गया है कि संजीव देश छोडऩे की फिराक में थे। कोर्ट ने संजीव को 31 अगस्त तक के लिए पुुलिस हिरासत में भेज दिया है। उधर, शीना के भाई मिखाइल बोरा को भी पुलिस आज गुवाहाटी से मुंबई ले आई। उसके मुताबिक उसने शीना का वर्ष 2011 का एक ईमेल संजों कर रखा हुआ है जो एक अहम सबूत हो सकता है। उसने कहा है कि वह कई खुलासे करेगा।
वहीं दूसरी ओर इंद्राणी मुखर्जी से खार पुलिस स्टेशन में पूछताछ जारी है। शुक्रवार को पुलिस ने एक बार फिर से रायगढ़ में उस जगह का मुआयना किया है जहां पर शीना के शव को जलाया गया था। वहां से पुलिस को कुछ अवशेष बरामद हुए हैं जिन्हें फोरेंसिक लैब भेजा गया है। वहां पर उनका मिलान इंद्राणी के मिले डीएनए से किया जाएगा। फोरेंसिक लैब से इस मामले से जुड़े कुछ सबूत गायब हो गए थे जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर दोबारा जाने का निर्णय लिया था।