मुबंई - शहर की लडक़ी’, ‘मस्त मस्त गर्ल’ जैसे उपनामों से बालीवुड में मशहूर रवीना टंडन को एक ऐसी अभिनेत्री के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने अपने बिंदास अभिनय से दर्शकों को दीवाना बनाया है। रवीना का जन्म 26 अक्तूबर, 1974 को मुंबई में हुआ। रवीना ने अपने सिने करियर की शुरुआत 1991 में प्रदर्शित फिल्म ‘पत्थर के फूल’ से की। 1994 में रवीना की मोहरा, लाडला, दिलवाले और अंदाज अपना-अपना जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुईं। फिल्म ‘लाडला’ में अपने दमदार अभिनय के लिए रवीना अपने करियर में पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित की गईं।