सूरज बड़जात्या की ट्रेड मार्क पारिवारिक फिल्म सलमान खान अभिनीत 'प्रेम रतन धन पायो' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. जैसा की बड़जात्या की फिल्मों में होता है, इस फिल्म की स्टोरी लाइन भी पारिवारिक विवाद ही है.
इस फिल्म में सलमान के साथ सोनम कपूर मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म के ट्रेलर में फिल्म के भव्य सेट, शानदार कास्ट्यूम दिख रहे हैं। फिल्म में स्वरा भास्कर सलमान की छोटी बहन का किरदार निभा रही हैं और अनुपम खेर, नील नितिन मुकेश, दीपक डोबरियाल एवं अरमान कोहली भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। सलमान ने ट्विटर पर फिल्म का दो मिनट से ज्यादा लंबा ट्रेलर साझा करते हुए लिखा, पीआरडीपी पूरे परिवार के साथ देखने वाली फिल्म है। सबके फैमिलीज में कुछ प्रॉब्लम होती है, लेकिन वो खुशनसीब हैं जिनके पास परिवार होता है। 49 साल के अभिनेता ने ट्वीट किया, ‘यह हर लिहाज से सूरज.राजश्री के साथ मेरी अब तक की सबसे खूबसूरत फिल्मों में एक है। ट्रेलर से यह पता चल जाएगा।’ सोनम ने भी फिल्म का वीडियो साझा किया। फिल्म दिवाली के मौके पर 12 नवंबर को रिलीज होगी।