मोहाली। पिछले कई वर्षों से मोहाली क्षेत्र के लोगों की सेवा में सक्रिय श्री गुरू हरकिशन साहिब चैरीटेबल आई इंस्टीट्यूट एंड सुपर स्पैशलटी अस्पताल सोहाना का बहुत जल्द विस्तार किया जा रहा है। जहां अब विश्व के ख्याति प्राप्त चिकित्सकों की टीम हृदय रोगियों का उपचार करेगी।
अस्पताल के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आदर्श कुमार सूरी व सीईओ डॉ.गगनदीप सिंह ने आज यहां जारी एक जानकारी में बताया इसी वर्ष मार्च में यहां हार्ट केयर सेंटर की शुरूआत की जा रही है। जिसके साथ ही यहां पर 300 बिस्तरों वाला अस्पताल शुरू हो जाएगा। सूरी ने बताया कि इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि सोहाना में शुरू होने वाले हार्ट केयर इंस्टीट्यूट में विश्व प्रसिद्ध नारायणा हृदयालय बैंगलुरू अस्पताल के चिकित्सक डाक्टर देवी शेट्टी की टीम पंजाब के विभिन्न हिस्सों से आने वाले रोगियों के उपचार के लिए उपलब्ध रहेगी। जिसके चलते आज नारायणा हृदयालय बैंगलुरू के सीनियर वाइस प्रैसीडेंट वीरेंन प्रसाद शेट्टी ने सोहाना अस्पताल का दौरा करके यहां के प्रबंधों का जायजा लिया तथा बुनियादी ढांचा देखकर उसमें अपनी सुविधानुसार परिवर्तन के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर बोलते हुए शेट्टी ने कहा कि नारायणा हृदयालय लो कास्ट केयर सेंटर है। जिसने देश के सौ शहरों में अपने तथा सहयोगी अस्पताल स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने बताया कि देश में होने वाले हृदय की बीमारियों के कुल आप्रेशनों में से 12 प्रतिशत आप्रेशन नारायणा हृदयालय द्वारा किए जाते हैं। मोहाली में सोहाना अस्पताल के साथ मिलकर कार्य करने की योजना को बहुत जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा।
सोहाना अस्पताल के सीईओ डॉ.गगनदीप सिंह ने बताया कि नारायणा हृदयालय के साथ मिलकर यहां टेलीमेडिसन तथा वीडियो कांफ्रैसिंग आदि की मदद से रोगियों का उपचार किया जाएगा। इसके अलावा यहां के चिकित्सकों को विशेष प्रशिक्षण के लिए समय-समय पर बैंगलुरू भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि नारायणा हृदयालय के एसवीपी यहां के प्रबंधों से संतुष्ट हुए हैं। अब जल्द ही उनके साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।