चंडीगढ़ 10 अप्रैलः पंजाब वेलफेयर कॉरपोरेशन से सुपरिटेंडेंट पद से रिटायर एसके शर्मा व उनकी बेटी पर उनके अपने निवास स्थान ट्रिब्यून सोसाइटी सेक्टर-50 में हमला हुआ है। एस के शर्मा सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी भी हैं। उन पर व उनकी बेटी पर सोसाइटी में ही घुसकर जानलेवा हमला किया गया। एसके शर्मा और बेटी श्वेता हमले में बुरी तरह घायल हुए हैं। पुलिस का मानना है कि हमला मोहाली के प्रॉपर्टी डीलर प्रताप सिंह उर्फ पंकज ने करवाया है। हमलावर ने पहले शर्मा पर तथा बाद में बेटी पर हमला किया। जब शर्मा मदद के लिए इधर उधर दरवाजे खड़का रहे थे इस बीच पंकज श्वेता पर वार कर फरार हो गया। उनकी चीख पुकार सुन कर पड़ोस में रहने वाली एक टीचर ने दोनों को मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया। दोनों के देर रात तक ऑपरेशन चल रहे थे। श्वेता की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। दूसरी तरफ पंकज परिवार के साथ मोहाली फेज 5 स्थित अपने घर से फरार है। पुलिस इसे प्रॉपर्टी का विवाद बता रही है।
घटना के वक्त शर्मा की पत्नी निशी पंचकूला स्थित अपने स्कूल में थीं। वहां इनका अपना प्राइमरी स्कूल है। शर्मा की दो बेटियां है। छोटी बेटी दिल्ली में पढ़ रही है। 30 साल की श्वेता तलाक के बाद से अपने माता-पिता के साथ ही रह रही थी।