मोहाली, 28 मार्च, 2013: उत्तर भारत में पहली बार, कैंसर की चिकित्सा में कारगर नयी ब्रेकी थेरेपी की शुरुआत आईवी हॉस्पिटल परिसर स्थित पिनेकल ओंकोलॉजी इंटरनेशनल में आज यहां की गयी। इंटरस्टीशियल इ प्लांट प्रोसीजर नामक इस नयी तकनीक से ऑपरेशन का लाइव प्रदर्शन करने के लिए रीजन के करीब 25 बाल रोग विशेषज्ञों, नाक-कान-गला विशेषज्ञों और सर्जन्स को आमंत्रित किया गया था। कैलिफोर्निया से यहां पहुंचे रेडिएशन चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अजमेल ए. पुठावाला ने फरीदकोट की एक 44-वर्षीय महिला रोगी की सर्जरी को कैमरे से जुड़ी स्क्रीन पर सीधे दिखाया।
इम्पीरियल हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च सेंटर लिमिटेड, बंगलौर के प्रबंध निदेशक एवं प्रसिद्ध रेडिएशन कैंसर चिकित्सक डॉ. विकार सैयद ने बताया कि इंटरस्टीशियल इ प्लांट प्रोसीजर ब्रेकी थेरेपी का एक बेहद नया और ज्यादा कारगर स्वरूप है। इस विधि से कैंसर के ट्यूमर में रेडिएशन डोज को अच्छी तरह से वितरित किया जाता है। इससे शरीर को न के बराबर क्षति होती है और स्वस्थ ऊतकों को हानि नहीं पहुंचती।
अमेरिका में लॉन्ग बीच मैमोरियल मेडिकल सेंटर, कैलिफोर्निया के रेडिएशन चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अजमेल ए. पुठावाला ने बताया कि ब्रेकी थेरेपी एक विज्ञान भी है और कला भी, जिससे कैथेड्रल व खोखली सुइयों के जरिये शरीर के अंदर रेडिएशन थेरेपी के लिए प्रयोग किया जाता है।
कैंसर चिकित्सा की इस वर्कशॉप में आईवी हॉस्पिटल, सेक्टर 71, मोहाली के सीईओ श्री गुरतेज सिंह व मेडिकल डायरेक्टर डॉ. कंवलदीप के अलावा पिनेकल ओंकोलॉजी इंटरनेशनल की रेडिएशन चिकित्सक डॉ. मीनाक्षी उपस्थित थीं।
पिनेकल कैंसर सेंटर में अत्याधुनिक किस्म की मशीनें व उपकरण स्थापित हैं। इनमें वेरियन डुअल इनर्जी 120 एमएलसी सिल्हाउटे लाइनीयर एक्सीलेरेटर और एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की बे्रकी थेरेपी मशीन प्रमुख है। यह सेंटर आईवी हॉस्पिटल के बेसमेंट में मौजूद है।