चंडीगढ़ - सेक्टर 56 में तीन दिन पहले निकाली गई प्रभातफेरी से पहले ही इलाके में दो चोरों ने घरों की अच्छे से रेकी कर रखी थी। घरों से सदस्यों के प्रभातफेरी के लिये निकलते ही दोनों ने एक-एक कर सात घरों को खंगाला, लेकिन 4 घरों में सोने-चांदी के जेवर मिलते ही चोरी कर फरार हो गये थे। ये खुलासा बुधवार को यूटी पुलिस की गिरफ्त में आये चोरी के 2 आरोपियों ने किया।
पुलिस गिरफ्त में आये युवकों की पहचान सेक्टर 56 के रहने वाले सोनू उर्फ चप्पल (18) तथा दीपक कुमार (23) के रूप में हुई। 22 नवंबर को इन दोनों ने गुरु नानक देव के जन्मोत्सव पर शहर में निकाली गई प्रभातफेरी से पहले सेक्टर की अंबेडकर कालोनी के आवासीय इलाके में एक के बाद एक घरों में सेंधमारी कर वहां से जेवरों के अलावा मोबाइल फोन चोरी कर लिये थे।