चंडीगढ़ - शहर में जगह-जगह स्थापित अवैध अतिक्रमण को हटाने के उद्देश्य से संपदा विभाग ने सख्त रवैये अपनाते हुये एक बार फिर इन सभी अवैध निर्माणकर्ताओं को नोटिस भिजवा दिया है। हाल ही में सेक्टर-22 के धोबीघाट से हटाये गये अवैध अतिक्रमण के बाद अब संपदा विभाग और प्रशासन ने सोमवार को सेक्टर-25 में स्थित अवैध निर्माण को हटाने का निर्णय लिया है।
संपदा विभाग की ओर से जल्द ही शहर के अन्य कॉलोनियों पर भी कार्रवाई की जायेगी। इसमें शहर की दूसरी सबसे बड़ी कॉलोनी नंबर-4, संजय कॉलोनी, लाल बहादुर शास्त्री कॉलोनी, अम्बेडकर कॉलोनी व अन्य 2 कॉलोनियां शामिल हैं। कोर्ट केस के चलते प्रशासन ने फिलहाल धनास स्थित कच्ची कॉलोनी पर कार्रवाई टाल दी है। लेकिन संपदा विभाग दिसंबर के पहले हफ्ते में कबाड़ी कॉलोनी खाली करवाने की तैयारी में है।
60 एकड़ में फैली कॉलोनी नंबर-4 की जमीन का कुछ हिस्सा वन विभाग और बाकी नगर निगम के अंतर्गत आता है। कॉलोनी में कुल ए, बी, सी, डी ब्लॉक मिलाकर कुल 9 ब्लॉक शामिल हैं। इन सभी ब्लॉकों को मिलाकर कॉलोनी में रहने वालों की कुल संख्या 4 हजार के करीब है।