चंडीगढ़ - यूटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शहर के 2 ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने शहर से दर्जन भर वाहनों को सिर्फ अपनी ऐश परस्ती के लिये चोरी करते थे। वे अकसर पेट्रोल खत्म होते ही बाइक को पार्किंग में लावारिस छोड़ कर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 साल के सेक्टर 52 के रहने वाले संजीव कुमार व 19 साल के रहमत अली के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच के डीएसपी जगबीर सिंह ने बताया कि शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर नकेल कसने के लिये पुलिस की ओर से विशेष मुहिम शुरू की गई है।
इसी मुहिम के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर 52 के रहने वाले 2 युवक वाहन चोरियों में लिप्त हैं। पुलिस ने सूचना पाते ही सेक्टर के बाहर पेट्रोल पंप के समीप नाका लगाया। वहां पुलिस ने इस दौरान बाइक व एक्टिवा सवार दो युवकों को जांच के लिये रोका। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों वाहन सेक्टर-36 थाना के एरिया से चोरी हुए थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनका जिला अदालत से 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों की पार्किंगों से चोरी के वाहन बरामद किये।