चंडीगढ़ - एमसीएम डीएवी कालेज फॉर वीमेन चंडीगढ़ की डीन फॉरेन स्टूडेंट्स डा. बिनी अरोरा के प्रयासों से कालेज परिसर में पहली बार फॉरेन स्टूडेंट्स-डे का आयोजन किया गया। इस कार्यक्त्रम में छ: देशों की 31 छात्राओं ने भाग लेकर अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। इस कार्यक्रम में पंजाब यूनिवर्सिटी के डीन फॉरेन स्टूडेंट्स डा. रमनजीत कौर बतौर मुख्यातिथि एवं आईसीसीआर की रीजनल डायरेक्टर नलिनी सिंघल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रही।
इस आयोजन के तीन उद्देश्य थे। पहला अलग-अलग देशों की परंपराओं एवं संस्कृति से छात्राओं को अवगत कराना। दूसरा नृत्य प्रस्तुतियों के द्वारा उन देशों के इतिहास और उत्सवों को जानना और तीसरा सभी देशों में आपसी भाईचारे की भावना को जागृत करना। इस अवधारणा को छात्राओं ने सौहार्द एवं उत्साह के साथ इस अवसर पर कार्यान्वित किया। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस एमसीएम इंटरनेशनल था।
इसमें यूएसए, श्रीलंका, थाइलैंड, जिम्बावे, अफगानिस्तान एवं भूटान से आई छात्राओं ने अपने पारंपरिक परिधानों में पहला राउंड प्रस्तुत किया। दूसरे राउंड में उन्हें स्वतंत्रता थी कि वह अपनी मर्जी के किसी परिधान में अपनी प्रस्तुति दें। इस प्रतियोगिता में अफगानिस्तान से आई खदीजा जीवानी मिस एमसीएम इंटरनेशनल चुनी गई। गजेंद्रंसथा तथा सरुनाशिने को क्रमश: फर्स्ट एवं सेकंड रनर्स अप का खिताब मिला। श्रीलंका की अविस्ता मिस चार्मिंग चुनी गई।