चंडीगढ़ - तय समय सीमा के बाद भी शराब परोसे जाने के कारण यहां के एक पांच सितारा होटल में स्थित डिस्कोथेक पर 20 लाख रूपये जुर्माना लगाया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने किट्टी-सू डिस्कोथेक पर छापे के बाद यह जुर्माना लगाया। अतिरिक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त कशिश मित्तल ने यहां सोमवार को कहा, आबकारी एवं कराधान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ डिस्कोथेक पर आधी रात के बाद लगभग 1.30 बजे छापा मारा और पाया कि तय समय सीमा एक बजे के बाद भी शराब परोसी जा रही है।
मित्तल ने कहा, दल ने यह भी पाया कि एक बजे के बाद परिसर से शराब बिक्री के इनवायस भी बनाए गए थे। किट्टी-सू का लाइसेंस निलंबित रहेगा। आने वाले दिनों में इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।