चंडीगढ़, 6 मार्च: पंजाबी संगीत के साथ आधुनिक सूफी गायन के मशहूर गायक डॉ. सतिंदर सरताज की नई म्यूजिक एलबम ‘अफसाने सरताज दे’ लांच के पहले दिन से ही विश्व के तमाम देशों में धूम मचा रही है। एपल कंपनी द्वारा चलाई जा रही विश्वस्तरीय प्रमुख इंटरनेट म्यूजिक लाईबे्ररी आईट्यून्स के टॉप टैन चार्ट में सतिन्द्र सरताज की इस नई एल्बम ने पहले ही दिन पहला स्थान हासिल कर लिया व कनाडा, आस्ट्रेलिया तथा यूके में ‘अफसाने सरताज दे’ टॉप टैन चार्ट में पहले स्थान पर बनी रही।
कनाडा, ऑस्ट्रेलिया एवं यूके जैसे प्रमुख देशों में सरताज की एल्बम को सबसे ज्यादा सुना व डाउनलोड किया जा रहा है। भारत सहित विश्वभर में सरताज के प्रशंसकों द्वारा इस एल्बम को बेहतरीन रिस्पांस मिल रहा है। इस बीच, सरताज ने मुंबई में गुलजार को अपनी नयी एल्बम भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
डॉ. सरताज ने बताया कि श्रोताओं ने उन्हें एक बार फिर बेहद प्यार दिया है। उन्होंने बताया कि बड़े शहरों में सीडी की काफी डिमांड आ रही है। ‘अफसाने सरताज दे’ एल्बम को फिरदौस प्रोडक्शन द्वारा पेश गया है व इसके इंटरनेट प्रमोशन वे सेल्स के अधिकार आईट्यून्स व यूट्यूब के पास हैं। इन तीनों कंपनियों द्वारा संयुक्त रूप से पायरेसी रोकने के लिए जबरदस्त घेराबंदी की गई है व इंटरनेट साइट्स पर बाज की तरह नजर रखी जा रही है।
बिना अधिकार के किसी भी वेबसाइट या एप्लीकेशन पर सरताज की इस एल्बम को अपलोड नहीं किया जा सकता और जो वेबसाइट इस एल्बम के गीत अपलोड करती है, उसे तुरंत चेतावनी नोटिस भेजा जा रहा है तथा एल्बम या गीतों को हटा दिया जाता है। पंजाबी म्यूजिक की यह पहली एल्बम है, जो पायरेसी रोकने में पूरी तरह सफल हो रही है।