चंडीगढ़ - सेक्टर-46 स्थित कुंदन इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को स्कूल के ही सुपरवाइजर ने किसी बात को लेकर हाई ड्रामा किया। जिससे स्कूल परिसर के बाहर लोगों की अच्छी खासी भीड़ एकत्रित हो गई। नौबत यहां तक पहुंच गई कि इस हंगामे को शांत कराने के लिये मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा । जानकारी के मुताबिक, स्कूल में सुपरवाइजर के पद पर काम कर रहा राहुल स्कूल प्रशासन से तंग आकर आत्महत्या करने पर उतारू हो गया और देखते ही देखते वह स्कूल की चार मंजिला छत पर चढ़ गया। जहां से राहुल जोर-जोर से आत्महत्या की धमकी देने लगा।
राहुल की इस हरकत से स्कूल के गेट के पास भारी भीड़ जमा हो गई। कोई अप्रिय घटना न हो जाए, इसलिए स्कूल प्रशासन ने फौरन फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। हालांकि, कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस की फायर बिग्रेड टीम ने उसे समझा-बुझाकर उतार लिया। राहुल ने पुलिस के सामने कहा कि वह स्कूल प्रशासन ने पिछले कई समय से उसका वेतन में इजाफा नहीं किया है और नौकरी की अन्य लाभ भी नहीं दिये हैं। जिससे वे स्कूल प्रशासन से तंग आ चुका है। वहीं, इन सबके अलावा राहुल ने स्कूल प्रशासन पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस ने स्कूल प्रशासन व राहुल से पूछताछ कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जायेगा।