चंडीगढ़ - पंजाब विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव को लेकर आज कैंपस में तीनों पार्टियों के गठबंधनों ने अपनी-अपनी रैलियां निकाल कर शक्ति प्रदर्शन किया। सबसे पहले कैंपस में सोई गठबंधन ने अपने टेंट से लेकर नार्थ कैंपस और फिर साउथ कैंपस स्थित यूआईईटी विभाग में जाकर अपनी रैली समाप्त की। सोई नेता रोबिन बराड़, इनसो नेता दिग्विजय चौटाला के अलावा प्रत्याशी जसमीन सिंह कंग ने भी छात्रों को संबोधित किया। रोबिन बराड़ ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट छात्र संगठन नये छात्रों को बरगला रहे हैं लेकिन उन्हें किसी के बहकावे नहीं आना है। खासतौर से अपने राजनीतिक गुरु रहे बरिंदर सिंह ढिल्लों का नाम लिये बगैर रोबिन ने एनएसयूआई पर करारे प्रहार किये। इसी तरह दिग्विजय चौटाला ने भी कहा कि इस बार दोनों पार्टियों के बीच एक नेचुरल और परफेक्ट अलायंस है। इसलिये किसी को भी इस बार जीत बारे कोई संदेह नहीं होना चाहिए। सोई की रैली में विपक्षी पार्टियों ने आरोप लगाया कि अधिकतर लोग बाहर से लाये गये थे और उनका पीयू से कोई लेना-देना ही नहीं था।
एनएसयूआई गठबंधन की रैली को भी जबरदस्त रिस्पांस मिला। मनोज लुबाना, दलबीर गोल्डी, जुगनू, गुरजंट सिंह, चंदन राणा और दिव्यांशु बुद्धिराजा के नेतृत्व में निकाली गयी इस रैली में लड़कियों की भी अच्छी खासी तादाद थी। यूआईईटी में छात्रों को संबोधित करते हुए दलबीर गोल्डी ने जीत की हैट्रिक लगाने का आह्वान किया। चंदन राणा ने यूआईईटी से लीड दिलाने का वादा लिया जबकि दिव्यांशु ने साफ-सुथरी छवि और छात्र हितों की लड़ाई लड़ने वाले संगठन के उम्मीदवार पुनीत शर्मा व उनकी टीम को जिताने की बात कही।
इसके बाद में तीसरी रैली एबीवीपी-पुसू गठजोड़ ने निकाली। एबीवीपी व पुसू नेताओं ने प्रधान पद के प्रत्याशी बलजिंदर के पैनल को जिताने की अपील की। इनकी रैली में छात्र संख्या तो कम थी मगर उत्साह की कोई कमी नहीं दिखी। एबीवीपी के नेता उत्कर्ष ने छात्रों को संबोधित कर गठबंधन को वोट की अपील की।