चंडीगढ़ - चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सैल ने नाइजीरिया मूल के युवक को हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली से मादक पदार्थ लाकर चंडीगढ़ के विभिन्न डिस्को थेक में युवाओं को बेचता था। पुलिस अब उसके संपर्कों को खंगालने में जुटी है, जिससे ये सामने आ सके कि वह अब तक किन-किन लोगों को और दिल्ली में किस व्यक्ति से मादक पदार्थ लेकर युवाओं को सप्लाई किया करता था।
आरोपी की पहचान मोहाली सेक्टर 80 के रहने वाले जोअल मिकहील के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को उसे जिला अदालत में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करते हुए उससे बरामद हुए मादक पदार्थ के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के रिमांड की मांग करते हुए बताया कि आरोपी से प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि वह चंडीगढ़ में आकर युवाओं को मादक पदार्थ सप्लाई कर रहा है। उसके संपर्कों और दिल्ली में बैठे सप्लायर के बारे में पूछताछ की जानी है। उसके लोकल संपर्कों को भी खंगाला जाना है, जिन्हें वह पदार्थ मुहैया करवा रहा है। साथ ही उसके इस कारोबार में और कौन-कौन लिप्त हैं। अदालत ने पुलिस की मांग पर आरोपी को 3 दिन के 25 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिये।