चंडीगढ़ - बुजुर्ग महिला को लिफ्ट के बहाने लूटने वाले गिरोह से पुलिस ने 15 लाख के जेवर बरामद किये हैं। गिरोह की 2 महिलाओं समेत 5 लोगों से पुलिस ने ऐसे ही 11 मामले सुलझाने का दावा किया है। इन्हीं महिलाओं ने सेक्टर 15 में भी एक महिला को झांसा देकर उससे जेवर लूट लिये थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान लुधियाना वासी अंजू और रानी तथा जालंधर वासी रविन्द्र, हरि लाल तथा लुधियाना वासी रमेश कुमार के रूप में हुई। सेक्टर 14 थाना पुलिस तथा सीआईए-1 बीती 14 जुलाई को दर्ज हुए एक केस की छानबीन करते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफल हुई। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीती 19 जुलाई को सेक्टर 10/15 के चौक पर नाका लगा कर गिरफ्तार किया।