चंडीगढ़ - शहरी विकास मंत्रालय द्वारा घोषित की जाने वाली स्मार्ट सिटी की टॉप-20 सूची में चंडीगढ़ का स्थान कहां होगा, इस पर असमंजस बरकरार है। लेकिन चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब व हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी चंडीगढ़ शहर को स्मार्ट सिटी की सूची में पहले ही पांचवां स्थान दे चुके हैं। उन्होंने इसकी घोषण हाल ही में चंडीगढ़ के मौलीजागरां में 24 घंटे पानी की सप्लाई के लिये तैयार किये गये वाटर स्टोरेज प्लांट के उद्घाटन समारोह के दौरान की। केंद्र सरकार के सूत्रों के अनुसार स्मार्ट सिटी की टॉप-20 सूची 7 अगस्त को होने वाली बैठक में घोषित की जायेगी। देश के 100 शहरों को जिन 13 मापदंडों पर आंक कर टॉप-20 में शामिल किया जाना है उन मापदंडों पर चंडीगढ़ की स्थिति आंकते हुये चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर को 100 अंकों में से 87.5 अंक दिये हैं।