चंडीगढ़ – जज्द ही रेलवे स्टेशन पर ऑटो संचालन का जिम्मा खुद जीआरपी संभालने जा रही है। पिछले दिनों सवारियों को लेकर टैक्सी और ऑटो चालकों की भिड़ंत से जीआरपी की काफी किरकिरी हुई थी। रेलवे स्टेशन पर बुधवार को ऑटो संचालकों और जीआरपी थाना प्रभारी की बैठक हुई। इसमें दिल्ली की तर्ज पर प्लानिंग तैयार की गई। इसके तहत जीआरपी के प्रीपेड बूथ से ऑटो बुक करवाए जा सकेंगे। ऑटो चालक किसी यात्री को अपनी मर्जी से नहीं बैठा सकेंगे। अगर वे ऐसा करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
प्रीपेड बूथ शुरू होने के बाद ऑटो चालकों का स्टेशन पर प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके अलावा पिक एंड ड्राप में भी एक भी ऑटो खड़ा नहीं होगा। चालक पार्किंग में ऑटो खड़ा करेंगे। इसके बाद वह प्रीपेड बूथ से अपना नंबर लेंगे।
यात्री को बूथ पर तैनात जवान को बताना होगा कि उन्हें कहां जाना है और उनके साथ कितने लोग हैं। इसके बाद जवान निर्धारित दर के मुताबिक पर्ची कटा कर यात्री को देगा। जिस पर ऑटो चालक का नाम, मोबाइल नंबर और ऑटो का नंबर लिखा होगा। यदि यात्रा में कोई असुविधा होती है तो यात्री जीआरपी के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।