चंडीगढ़ - सम्पदा कार्यालय चंडीगढ़ ने बुधवार को सेक्टर 35 स्थित समुदायिक केंद्र में जनता दरबार लगाकर सेक्टर-31, 32, 33, 34, 35 और 36 के लोगों की समस्याओं को सुना। प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव, जिला उपायुक्त डॉ. एसबी दीपक कुमार, आईएएस कशिश मित्तल और सहायक सम्पदा अधिकारी प्रिंस धवन भी इस दरबार में मौजूद रहे। सलाहकार देव ने इस दौरान सम्पदा विभाग के अधिकारियों के समक्ष सेक्टर-31 से 36 तक के 528 लोगों के लंबित पड़े मामलों की सुनवाई की। इन मामलों में प्रापर्टी और ट्रांसफर के मामले शामिल रहे। लोगों की परेशानी दूर करने के लिये अब तक सम्पदा विभाग ने 3 जनता दरबार लगाये हैं। इनमें अब तक शहरवासियों की प्रापर्टी से जुड़े 773 मामलें सुलझाये जा चुके है।
सम्पदा कार्यालय में पुरानी फाइलों को स्कैन कर उनका डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। इसके लिये प्रशासन रात में भी शिफ्ट लगा रहा है। इस बारे में जिला उपायुक्त डॉ. एसबी दीपक कुमार ने बताया कि जल्द ही सभी पुरानी फाइलों का डिजिटलाइजेशन का काम पूरा कर लिया जायेगा। जिसके बाद किसी भी शहरवासी को सम्पदा कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे घर बैठे अपनी फाइल की प्रोग्रेस रिपोर्ट देख सकेंगे।