चंडीगढ़ - चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा की अगवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को चंडीगढ़ के आईजीपी आरपी उपाध्याय से मिलकर शहर में बिगड़ती हुई कानून व व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता जाहिर की। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मेयर सुभाष चावला व हरफूल चंद कल्याण के अलावा पूर्व पार्षद देविंद्र सिंह बबला और संदीप भारद्वाज शामिल थे। छाबड़ा ने आईजी से कहा कि जिस तरह से रेलवे स्टेशन पर असामाजिक तत्त्वों ने पिछले दो-तीन दिनों तक सरेआम हथियारों को लेकर हाथ में लेकर प्रदर्शन किया उससे शहर की कानून-व्यवस्था की खराब होती हालत का पता चलता है।
इस पर आईजीपी ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले कड़ी कार्रवाई की जा रही है और इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि इस तरह की वारदात दोबारा से नहीं हो। डेलीगेशन ने मौलीजागरां में हुई मामले को भी उठाया, जिसमें राज्यपाल के दौरे के समय कुछ लोगों को पुलिस ने घरों के अंदर बंद कर दिया गया था। छाबड़ा ने कहा कि वह राज्यपाल की सुरक्षा को समझते हैं लेकिन लोगों को घरों के अंदर बंद करना किसी नजरिए से ठीक नहीं है।