चंडीगढ़ - देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में सोमवार के बाद बारिश का दौर कम होने की संभावना है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में औसत तक वर्षा हुई तथा पहाड़ी इलाकों में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम केंद्र के अनुसार अगले चौबीस घंटों के दौरान क्षेत्र में कई स्थानों पर औसत से भारी वर्षा होने तथा सोमवार के बाद मानसूनी गतिविधि कम होने के आसार हैं।
मौसम केंद्र के अनुसार पंजाब तथा हरियाणा में औसत से भारी वर्षा होने के आसार हैं। हरियाणा में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इन राज्यों में घने काले बादल छाए हुए हैं तथा बारिश का समां बंधा हुआ है। काली घटा के बीच तेज हवा चलने के कारण लोगों को उमस से छुटकारा मिल गया है। चंडीगढ़ में 21 मिलीमीटर, अंबाला में 30, हिसार में 4.9, करनाल में 47, भिवानी में 17, अमृतसर में 42, लुधियाना में 13, होशियारपुर में 19 और पटियाला में तीन मिलीमीटर तक वर्षा हुई।