चंडीगढ़ - जल्द ही शहर की पांच डिस्पेंसरियों में टेस्ट की सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी। यह सुविधा सबसे पहले सेक्टर-28 के आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी में शुरू की जायेगी। इन पांचों डिस्पेंसरियों में साल के अंत तक ब्लड टेस्ट, सीटी स्कैन, टीबी की जांच जैसी सुविधाएं शुरू की जायेंगी।
इसके लिये स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन पांचों डिस्पेंसरियों में आउटसोर्सिंग पर स्टाफ रखा जायेगा। यहीं नहीं जांच के लिये जो मशीनें इस्तेमाल होंगी, प्रशासन उन्हें भी आउटसोर्सिंग पर उपलब्ध करवायेगा। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वास्थ्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने आज शहर की पांच डिस्पेंसरियों का दौरा किया। इनमें सेक्टर-28 की आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, सेक्टर-27 की होम्योपैथिक डिस्पेंसरी, रामदरबार स्थित पोलीक्लीनिक व डिस्पेंसरी और अटावा डिस्पेंसरी का दौरा किया। इस दौरान स्वास्थ्य सचिव ने मरीजों से उनका हालचाल जाना और उनको डिस्पेंसरी में आ रही समस्याओं का जायजा लिया।