चंडीगढ़ - पश्चिमोत्तर क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियों के बढऩे के साथ रविवार की रात से सुबह तक चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ 76.4 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम केंद्र के अनुसार क्षेत्र में अगले चौबीस घंटों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है और अगले तीन दिनों तक जोरदार बारिश होने का अनुमान है। रविवार की रात से सुबह तक तेज हवाओं के साथ मानसून की बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में पानी भर गया।
बारिश के बाद अत्यधिक उमस तथा गर्मी से राहत मिली और तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। हरियाणा तथा पंजाब के कुछ इलाकों में भी बारिश हई लेकिन अगले चौबीस घंटों में मानसूनी बढऩे के आसार हैं। अंबाला में 38 मिमी, लुधियाना 4.4 मिमी, पटियाला 19.2 मिमी, होशियारपुर जिला में 45 मिमी बारिश दर्ज की गई तथा कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम कार्यालय के अनुसार अगले तीन दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। गौरतलब है कि जून में मानसून के दस्तक देने के बाद से पश्चिमोत्तर क्षेत्र में लोग बारिश को तरसते रहे। पंजाब तथा हरियाणा में धान की रोपाई तथा खरीफ की बुआई के चलते पानी की किसानों को पानी की दिक्कत हो रही थी, लेकिन अब किसान को राहत मिलने की संभावना है।