चंडीगढ़ - चंडीगढ़ के रामदरबार फेज-1 में लोग दूषित पानी पीने के कारण उल्टी-दस्त और बुखार का शिकार हो रहे हैं। जबकि स्थानीय निवासियों का कहना है कि रामदरबार में आ रहे पानी में काई की बदबू है और पानी के साथ मिट्टी आ रही है। पानी पीने के बाद कई लोग उल्टी-दस्त और बुखार की चपेट में हैं, जिनके मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय निवासी सुखविंदर कौर ने बताया बीते 15 दिनों से उनके यहां दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, जिसकी वजह से उनकी मां और भाभी दोनों के पेट में इन्फेक्शन हो गया है।
दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया की पानी को उबाल कर या मिनरल वाटर खरीद कर पी रहे हैं। उन्होंने बताया की पानी के दफ्तर जाकर शिकायत की तो पता चला कि पेयजल की पाइपलाइन के साथ सीवरेज की पाइप लाइन बिछाई गई है। अधिकारियों ने कहा कि पाइप लाइन की मरम्मत की जा रही है, लेकिन ठीक कब होगी नहीं पता। सुखविंदर ने बताया की नलों में आ रहे गंदे पानी को पीने के बाद गले में खराश, इन्फेक्शन, टाइफाइड और डायरिया फैल रहा है, नतीजन हर परिवार का एक सदस्य इन रोगों से ग्रस्त है।
प्रीतम सिंह नामक व्यक्ति ने बताया की 20 जून से उनका 7 महीने का बेटा उलटी-दस्त से ग्रस्त है। उसका सेक्टर-16 अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसे खून की उल्टियां आ रही हैं उसकी पत्नी भी उल्टी-दस्त और बुखार की चपेट में है। रामदरबार सुधार सभा के अध्यक्ष एडवोकेट राजिंदर मकवाना ने बताया की पिछले एक महीने से रामदरबार में दूषित और बदबूदार पानी आ रहा है। इसकी वजह से यहां रहने वाले लोग पेट में इन्फेक्शन, उलटी-दस्त, बुखार से पीडि़त हो रहे हैं। कई बार नगर निगम और प्रशासन को इससे सम्बंधित सूचना दी है, लेकिन समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां तक कि इलाके की पार्षद जन्नत जहान को भी स्थिति से अवगत करवा चुके हैं लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला।