चंडीगढ़ - भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य सभा सांसद अविनाश राय खन्ना और पंजाब सरकार के सहायक मीडिया सलाहकार विनीत जोशी ने मांग की है कि पंजाब में शराब के ठेकों के खुलने और बंद होने का समय निर्धारित किया जाना चाहिए। इस संबंध में उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को पत्र लिखा है , जिसमें मांग की गई है कि ठेके दोपहर 12:00 बजे के बाद खोले जाएं और शाम छह बजे बंद कर दिए जाएं।
खन्ना और जोशी ने पत्र में यह विवरण भी दिया कि वे जोशी फाउंडेशन चंडीगढ़ की तरफ से पंजाब भर में नशा-विरोधी मुहिम चला रहे हैं और इस दौरान उन्होंने यह महसूस किया कि पंजाब के ज्यादातर लोगों की यही मांग है कि पंजाब की जवानी को नशे की दलदल से निकालने के लिए यह जरूरी है कि राज्य में नशे की आसान उपलब्धता पर नियंत्रण किया जाए। श्री खन्ना ने कहा कि उनके जानकारी में आया है कि शराब के ठेके सुबह पांच बजे से भी पहले खुलने शुरू हो जाते हैं।
अपना निजी अनुभव सांझा करते हुए उन्होंने कहा कि अकसर दिल्ली जाने के लिए वह फगवाड़ा से ट्रेन में सवार होते हैं और सुबह पांच बजे धार्मिक स्थलों के दरवाजे खुलने से पहले ही ठेकों के शटर खुल चुके होते हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री महोदय से कहा है कि पंजाब के माथे पर लखे नशा रूपी दाग को धोने के लिए सख्ती से पंजाब आबकारी एक्ट में संशोधन किया जाए और ठेकों के खुलने और बंद होने का समय निर्धारित किया जाए।