चंडीगढ़ - कजोली वाटर वर्क्स में जरूरी मरम्मत के कारण शहर में 18 जून को जलापूर्ति कम प्रैशर से होगी। निगम के संबंधित अधिकारी ने बताया कि शाम 6:30 से 8:30 बजे तक तथा 19 जून को सुबह 4 बजे से 9 बजे तक पानी लो प्रैशर से आएगा। दूसरी ओर आज हल्लोमाजरा में पानी आपूर्ति न होने के चलते लोगों ने पानी के टैंकर मंगवा कर काम चलाया। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के विरुद्ध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पानी की समस्या दूर न हुई तो वे लोग पार्षद जन्नत जहान के घर का घेराव करेंगे।
इस संबंध में भाजपा पार्षद सतीश कैंथ ने कहा कि क्षेत्र में सीवरेज व पानी की पाइप लाइन बिछाने के लिए निगम सदन ने वर्ष 2013 में एजैंडा पारित किया था। इसके बाद यही एजैंडा गत वर्ष नवम्बर में पारित किया गया लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। आज रामदरबार के निवासी भी पानी के बड़े बिलों से परेशान होकर महापौर से मिले। रामदरबार निवासी व पूर्व पार्षद रामलाल के नेतृत्व में उन्होंने महापौर से पानी के रेट बढ़ाकर लिए जाने के प्रति नाराजगी जताई। रामलाल ने महापौर को बताया कि पहले क्षेत्रवासियों के बिल मात्र 200-250 रुपए ही आते थे लेकिन अब जो पानी के बिल आए है वह एवरेज बिल से कई गुणा बढ़ाकर भेजे गए हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष है।