चंडीगढ़ - चंडीगढ़ के पूर्व डीसी की पीए पूनम मलिक पर शिकंजा कसता जा रहा है। एक तरफ उन्हें पुरानी पोस्ट पर ज्वाइन नहीं करवाया जा रहा, दूसरी ओर आज सेक्टर 17 पुलिस स्टेशन में पूनम मलिक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया। आरोप है कि पूनम मालिक ने डीसी मोहम्मद शाइन की पीए रहते हुए वर्ष 2014 में मकान नंबर 3323, सेक्टर 19 के मालिक समीर खान से मकान की अलाटमेंट की असल फाइल मंगवाई थी, क्योंकि वाएलेशन की शिकायत थी, लेकिन जांच कर लेने के बाद भी समीर खान को मकान की असल फाइल वापस नहीं दी गई और न ही उक्त फाइल एस्टेट ऑफिस के रिकार्ड में ही मिली।
इसके बाद समीर खान ने पुलिस को शिकायत कर दी और पुलिस ने फाइल खुद-बुर्द करने के आरोप में पूनम मलिक के खिलाफ धारा 409 मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही पूनम मलिक को जांच में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा और अगर पुलिस उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुई तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।