चंडीगढ़- गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) में शर्मनाक मामले में सनसनी मची है। यूटी पुलिस ने ऑप्रेशन थियेटर के चेंजिंग रूम में मोबाइल से वीडियो बनाने वाले वहीं के एक सफाई कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। शनिवार को इस मोबाइल का खुलासा तब हुआ जब एक डाक्टर रूम में गयी और उसने वहां छिपाये गये मोबाइल फोन को देख अधिकारियों को इसकी सूचना दी। आरोपी ने मोबाइल को दूसरी मंजिल पर बने ऑप्रेशन थियेटर के चेजिंग रूम में वीडियो रिकार्डिंग ऑन कर रखा हुआ था। जिस वक्त डाक्टर ने इस मोबाइल को बरामद किया, तब उसमें रिकार्डिंग हो रही थी।
पुलिस को शिकायत मिलने के बाद चेंजिंग रूम में मिले मोबाइल की तफ्तीश की गयी तब मोबाइल सफाई कर्मचारी निर्मल लाल का निकला। निर्मल रामदरबार में रह रहा है और कान्ट्रेक्ट पर अस्पताल में कर्मचारी है। सूत्रों ने बताया कि आरोपी की खुद की तस्वीर भी कैमरे में कैद है। वह जिस वक्त रिकार्डिंग ऑन कर मोबाइल को चेजिंग रूम में छिपा रहा था तब उसकी तस्वीरें भी उसमें कैद हो गईं। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर उसकी पहचान पुख्ता हो पायी। हालांकि मौके पर से आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया, लेकिन देर रात से जारी पुलिस की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सेक्टर 34 के एसएचओ बलजीत सिंह के अनुसार आरोपी का ही मोबाइल फोन चेजिंग रूम से बरामद किया गया और इसे सुपुर्द करने के लिये उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों से कहा है। उनका कहना है कि मोबाइल फोन की तफ्तीश से ही यह सामने आ पायेगा कि उसमें और कितनी ऐसी रिकार्डिंग हैं, जो आरोपी ने अलग अलग समय में उतारी हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354सी के तहत केस दर्ज किया है।