चंडीगढ़, 18 फरवरी। भारतीय जनकल्याण पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं भाकियू (लक्खोवाल) के लीगल एडवाइजर एडवोकेट सुशील गौत्तम ने सोमवार को अपने समर्थकों सहित तृणमूल कांग्रेस का दामन थामन लिया। पार्टी के नार्थ जोन प्रभारी वीएम शर्मा तथा चंडीगढ़ ईकाई के वरिष्ठ नेता प्रेमपाल चौहान ने पार्टी का पटका भेंट कर सभी का स्वागत किया। एडवोकेट सुशील गौत्तम के साथ तृणमूल कांग्रेस का दामन थामने वाले प्रमुख लोगों में राष्ट्रीय जनता दल की चंडीगढ़ इकाई के पूर्व कार्यालय सचिव कुलभूषण सिंगला, व्यापारी नेता अश्वनी कुमार, सेक्टर 44 सूद भवन के सदस्य अजय कुमार सूद, राजेंद्र दत्त, कुसूम पांडेय, जसविंद्र कौर, मिनाक्षी खुल्लर, आरती गुप्ता, लखमीर सिंह कल्सी, शिल्पा ठाकुर।
पार्टी के कार्यालय सचिव वीएम शर्मा ने कहा कि आज पूरे देश में केंद्र सरकार के खिलाफ जनआक्रोश है। आने वाले समय में यह आक्रोश निकलेगा। आज जनता के सामने तृणमूल कांग्रेस एक विकल्प के तौर पर है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग इस पार्टी से जुड़ रहे हैं। आज देश और चंडीगढ़ का जन-जन समझ चुका है कि देश में एक ही शख्सियत ममता बनर्जी है, जो आम आदमी की तकलीफ समझती है। आज देश में ममता दीदी जैसी स्वच्छ छवि का कोई भी नेता नहीं है। केंद्र सरकार के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ उन्होंने न केवल सत्ता को ठोकर मारी बल्कि जनता के हितों के लिए संघर्ष करने के लिए सडक़ों पर उतरकर केंद्र सरकार को ललकारा। भारतीय जन कल्याण पार्टी से आने वाले सुशील गौत्तम व उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह चंडीगढ में पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता का परिचायक है। नई सोच और नए विचार वाले व्यक्तियों विशेषकर युवाओं की तलाश है। यूटी में शीघ्र ही संगठन के गठन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। टीएमसी का कारवां बनेगा, क्योंकि हमारी नीयत और सोच ठीक है।