मोहाली - चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडुंआं में करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गयी। छात्र हिमाचल प्रदेश के गांव जलपेड़ा (जोगेंद्रनगर) का रहने वाला था। वह बीबीए का स्टूडेंट था। सोहाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। तोयेश कुमार (19) चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कैंपस में अपने सहयोगियों के साथ बैठा था कि अचानक बिजली बोर्ड से निकाली तारों से टच होने पर उसे करंट लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
उसके दोस्तों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसके परिजनों को आज उसकी मौत की जानकारी दी गई। बेटे की मौत की खबर के बाद तोयेश के पिता सुशील कुमार, उसकी माता व अन्य रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे। जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया।