चंडीगढ़ - प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव ने डीसी डा. एसबी दीपक कुमार से आढ़तियों के लाइसेंस मामले में सभी दस्तावेज जांच कर जल्द फैसला लेने के आदेश जारी किये। उन्होंने कहा कि बुधवार तक ग्रेन मार्केट-26 के सभी आढ़तियों के कागजात जांच कर खामियों को दूर कर लाइसेंस रिन्यू करने के आदेश जारी किये जायें। सोमवार को आढ़तियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सलाहकार विजय कुमार देव से मुलाकात की। एडवाइजर से मिलकर लौटे सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दिग्विजय कपूर और मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन दविंद्र बबला ने यह जानकारी दी।
दविंद्र बबला ने बताया कि सलाहकार देव ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनकी मांगों पर प्रशासन कार्रवाई करेगा।
वहीं दूसरी ओर एसोसिएशन के उपप्रधान बृजमोहन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 मई तक आढ़तियों के लाइसेंस रिन्यू नहीं किये गये तो वे उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अर्धनग्न प्रदर्शन करेंगे। बृजमोहन ने बताया कि जिन अधिकारियों ने उनके रोजगार छीने हैं उन्हें पुष्प भेंट किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि एक आढ़ती के साथ 200 से अधिक किसान और 300 मजदूर भी जुड़े हैं। ऐसे में वे भी सड़कों पर आ जाएंगे। प्रशासन को सभी 31 आढ़तियों के लाइसेंस रिन्यू करने होंगे।