पंचकूला - प्रदेश में हार्ट अटैक से मरे किसानों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी। प्रदेश की खट्टर सरकार ने इन किसानों की मौत को प्राकृतिक मौत माना है। किसानों की मौत बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों को देखकर सदमे की वजह से हुई है। सदमे में आकर अभी तक प्रदेश में 10 किसानों की जान जा चुकी है। वहीं फसलों में हुए नुकसान से आहत और कर्ज के बोझ तले दबे दो किसानों ने सुसाइड किया है। सुसाइड करने वाले किसानों के परिजनों की भी आर्थिक मदद सरकार कर सकती है।
यह दो-दो लाख रुपये किसानों के परिजनों को आर्थिक मदद के रूप में दिए जाएंगे। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से यह मुआवजा किसानों के परिजनों को दिया जाएगा। विभाग के अनुसार दो लाख रुपये की इस राशि में डेढ़ लाख रुपये की केंद्रीय मदद शामिल है। पचास हजार रुपये राज्य सरकार की ओर से दिए जाएंगे। विभाग ने उन संबंधित जिलों के उपायुक्तों से सदमे से मरे किसानों की जानकारी मांगी है, जिन जिलों में किसानों की मौत हुई है। सूत्रों की मानें तो सुसाइड करने वाले किसानों का ब्योरा भी मंगवाया गया है।