चंडीगढ़ - स्वाइन फ्लू से डड्डूमाजरा के एक युवक की आज पीजीआई में मौत हो गई। इसके अतिरिक्त 2 और मौतें पीजीआई में हुई हैं जिनमें अम्बाला की एक 30 वर्षीय महिला व लुधियाना का 31 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। पीजीआई में स्वाइन फ्लू से होने वाली मौतों का आंकड़ा 32 तक पहुँच चुका है जिसमें चंडीगढ़ के अभी तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है । डड्डूमाजरा के 30 वर्षीय श्याम सुन्दर को 2 दिन पहले ही पीजीआई में भर्ती किया गया था जिसके सैम्पल पॉजिटिव पाये गए थी और आज उसने दम तोड़ दिया इससे पहले चंडीगढ़ में सेक्टर 15, कैम्बवाला, सेक्टर 25 और सेक्टर 50 में एक महिला की मौत हो चुकी है।
डड्डूमाजरा काफी घनी आबादी वाला इलाका है जहां फ्लू के विषाणु के फैलने की सम्भावनायें अधिक हैं। मिली जानकारी के अनुसार आज भी पीजीआई और सेक्टर 16 के अस्पताल में 60 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। दो को संभावित मानते हुए अस्पताल में भर्ती किया गया है जबकि दो को पहले चरण का संभावित मानते हुए दवा दी गई है। पीजीआई में 2 मरीजों के सैम्पल जांच को भेजे गए है जिनकी रिपोर्ट कल शाम तक मिल जायेगी जबकि इससे पहले लिए गए 11 सैम्पल्स की रिपोर्ट्स आनी अभी बाकी है।