चंडीगढ़ 12 फरवरी - (अभीतक न्यूज़) चंडीगढ़-लुधियाना हाईवे पर आज हुउ एक कार हादसे में पति-पत्नी और उनकी एक साल की बेटी की मौत हो गई। सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हादसा खरड़ के गांव मामूपुर के पास उस वक्त हुआ जब एस्टीम कार में जा रहे दंपती को पीछे से आ रही एक बस ने टक्कर मार दी। जिसके बाद बेकाबू हुई कार सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ी।
पुलिस के अनुसार 38 वर्षीय गुरतेज सिंह खरड़ के गांव पक्की रुड़की के रहने वाले थे। कुराली में उनकी स्पेयर पार्ट्स की दुकान थी। पत्नी सर्बजीत कौर मोरिंडा के पास गांव के गवर्नमेंट स्कूल में पढ़ाती थीं। गुरतेज सोमवार को उन्हें स्कूल छोड़ने जा रहे थे। बेटी साहिब कौर भी साथ थी। घर से करीब दो किलोमीटर दूर ही पहुंचे थे कि हादसा हो गया। इस भीषण भिड़ंत में कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने उन्हें कार से निकालकर खरड स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। गुरतेज के जीजा जगजीत सिंह की शिकायत पर बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।