चंडीगढ - सुखना लेक पर एक बतख में एच5एन1 संक्रमण पॉजिटिव होने के बाद हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा घोषित किये अलर्ट के दौरान शनिवार को पंचकूला के गांव सकेतड़ी में बर्ड फ्यू से पीड़ित एक संदिग्ध मरीज सामने आया है। उसे एहतियातन पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसके खून के सैंपल लेकर पीजीआई भेजे जा रहे हैं। पंचकूला के सिविल सर्जन द्वारा सुखना लेक के 3 किलोमीटर दायरे में रह रहे लोगों पर नजर बनाए रखने के लिए निर्देश गए हैं।
एरिया में वन्य कर्मचारियों द्वारा की जा रही जांच के दौरान इस मरीज के अस्वस्थ होने का पता चला। 40 वर्षीय मरीज हरियाणा वन्य विभाग का कर्मचारी बताया जा रहा है और परिवार के साथ साकेतड़ी में रह रहा है। पंचकूला के उपायुक्त विवेक अत्रेय ने बताया कि व्यक्ति ने आज खुद के अस्वस्थ होने की आशंका जताते हुए शरीर में दर्द होने की शिकायत की थी। जिसके मद्देनजर उसे दोपहर बाद पंचकूला अस्पताल में भर्ती कराया गया । मरीज को एक प्राइवेट वार्ड में रखा गया है हालांकि मरीज के शुरूआती जांच में बर्ड फ्लू के लक्षण सामने नहीं आए हैं।
उधर, सामान्य अस्पताल में लाए जाने पर मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इससे पूर्व सिविल सर्जन पंचकूला और चिकित्सा अधीक्षक चिकित्सा विभाग पंचकूला की ओर से बर्ड फ्लू के लिए टैमी फ्लू टैबलेट का प्रबंध करने के निर्देश जारी कर दिए गए थे। मरीज को अस्पताल में लाए जाने के बाद शाम को उसके खून के नमूने भेजे गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि मरीज के खून के सैंपल भेजने और उसके स्वास्थ्य की देखरेख के लिए विशेष प्रबंध किये गये हैं।
फिलहाल मरीज में बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं। उधर, बताया जा रहा है कि बर्ड फ्लू का संदिग्ध मरीज अस्पताल पहुंचने पर एसएमओ और कार्यकारी पीएमओ द्वारा टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई थी। वहीं बर्ड फ्लू को लेकर लोगों में जागरूकता के मद्देनजर सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों को बढ़ाने के भी आदेश दिए हैं।
पंचकूला प्रशासन की ओर से किसी भी अप्रिय घटना के मद्देनजर शनिवार को शहर के तमाम पोल्ट्री फार्मों की जांच के लिए सर्विलांस टीमें भेजी गई। उपायुक्त का कहना है कि पंचकूला में रह रहे लोगों को किसी प्रकार खतरा नहीं है। लेकिन आवश्यकता पडने पर सुरक्षा के दृष्टिगत ये कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक जिले में कहीं से भी बर्ड फ्लू से जुड़ा मरीज सामने नहीं आया है। हालांकि उपायुक्त ने जिला के सभी अधिकारियों को बर्ड फ्लू के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने विशेषकर पोल्ट्री फार्म, चिकन शॉप का व्यवसाय करने वालों या फिर अंडा खाने वाले उपभोक्ताओं को भी इस संक्रमण के खतरों को जानने और इसकी रोकथाम के उद्देश्य से संपर्क बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। पशु पालन विभाग के उपनिदेशक डा. एमआर सिंगला के अनुसार बरवाला क्षेत्र के अंतर्गत 120 पोल्ट्री फार्म हैं और बर्ड फ्लयू से जुड़ा कोई मरीज अभी तक सामने नहीं आया है। वहीं वेटर्नरी डाक्टर और 2 सहायकों की सर्विलांस टीम जांच कर रही हैं और संदिग्ध केस सामने आते ही वे तुरंत कार्रवाई करेंगे।