चंडीगढ़ - सिटी ब्यूटीफुल में 11वीं की छात्रा ने अपने ही पिता पर दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। छात्रा द्वारा दिए जा रहे बयानों पर पुलिस जांच में जुट गई है। सेक्टर 36 थाना के एसएचओ भूपिंदर सिंह ने बताया कि सेक्टर 35 के एक स्कूल में 11वीं कक्षा में पढऩे वाली छात्रा ने अपने पिता पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। छात्रा का आरोप है 7 साल पहले उसके पिता ने उससे दुष्कर्म किया, जिसके बाद से वह लगातार घर पर परेशान होती आ रही है।
पीड़ित छात्रा आज दोपहर के समय अपने स्कूल पहुंची और उसने स्कूल की प्रिंसिपल को लिखित रूप में शिकायत देते हुए अपने पिता पर दुष्कर्म किए जाने के संगीन आरोप लगाए। छात्रा के स्कूल पहुंच कर शिकायत देने की सूचना ने हडक़ंप मचा दिया। स्कूल की उस वक्त छुट्टी होने वाली थी। लेकिन मामला संगीन होने के नाते प्रिंसिपल ने इस मामले की जांच पुलिस के हवाले करने की बात कहते हुए सेक्टर 36 थाना पुलिस से संपर्क किया।
एसएचओ ने बताया कि कल छात्रा का मेडिकल कराने के बाद उसे मैजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। उसके बयान सामने आने के बाद पुलिस आरोपी व्यक्ति पर कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में डीडीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।