चंडीगढ़ - रामदरबार में बुधवार सुबह 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी का गला घोंट कर उसकी हत्या की और फिर दूसरे कमरे में जाकर खुद पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-32 के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिट (जीएमसीएच) की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतका शालू (27) का शव उसके कमरे से बरामद किया गया, जबकि संदीप ने अपने कमरे में फंदा लगाया था। सेक्टर-31 थाना के एसएचओ कृपाल सिंह के मुताबिक यह घटना सुबह उस वक्त सामने आई जब पेशे से ड्राइवर संदीप को उसका भाई कुलदीप बुलाने आया। संदीप और शालू से जवाब नहीं मिलने पर जब वह उनके कमरे में गया तब मंजर देखकर सन्न रह गया।
उसने शोर मचा कर लोगों को बुलाया, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जीएमसीएच ले गई, लेकिन वहां डाक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।